शांतिपुरी के नगला में कीचड़ में तब्दील सड़क का निरीक्षण करते विधायक शुक्ला।
- फोटो : RUDRAPUR
पंतनगर/शांतिपुरी। बजट मंजूर होने के बाद भी सड़क की मरम्मत नहीं होने पर विधायक राजेश शुक्ला ने पीडब्लूडी के इंजीनियरों को तलब कर खरीखोटी सुना दी। साथ ही चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह में नगला-किच्छा रोड पर काम शुरू नहीं हुआ तो वह विरोध स्वरूप कीचड़ भरे गड्ढों में बैठ जाएंगे और तभी उठेंगे, जब लोक निर्माण विभाग सचिव यहां आएंगे।
शुक्रवार को विधायक ने नगला पहुंचकर गड्ढों में तब्दील सड़क का निरीक्षण किया। स्थानीय लोगों के नाराजगी जताने पर विधायक ने पीडब्लूडी के इंजीनियरों को तलब कर दिया। विधायक ने कहा कि अब तक तमाम लोग इस सड़क के गड्ढों में दुर्घटनाग्रस्त होकर चोटिल हो चुके हैं। सड़क के लिए पैसा मंजूर होने के बाद भी विभाग कार्य नहीं करवा रहा है। विभाग के इंजीनियर ने कहा कि एक सप्ताह में काम शुरू करवा देंगे और गड्ढा भरान के बाद बरसात रुकते ही टॉप कोट का काम शुरू होगा।
जूनियर इंजीनियर ने सड़क के दोनों तरफ नाली नहीं होने से पानी जमा होने की बात कही तो विधायक का पारा चढ़ गया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नाली बनाने के लिए किसका इंतजार किया जा रहा है। आज तक नाली क्यों नहीं बनाई गई है। चेताया कि सरकार से मंजूर सड़कों के निर्माण में अब देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारी अपना रवैया बदल लें, सरकार को बदनाम करने की साजिश में लिप्त अधिकारियों को बेनकाब किया जाएगा। अधिकारियों ने विधायक को आश्वस्त किया कि जल्द से जल्द किच्छा से नगला तक सड़क की मरम्मत करा दी जाएगी।