रुद्रपुर में इंडैन गैस प्रबंधक मनोज कुमार पांडे।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। इंडेन गैस एजेंसी के उपभोक्ता अब एक सिलिंडर लेने के 16 दिन बाद दूसरा गैस सिलिंडर ले पाएंगे। ऑनलाइन प्रणाली शुरू होने के बाद इस व्यवस्था को लागू किया गया है। इस अवधि से पहले सिलिंडर बुक करने पर उसे अमान्य कर दिया जाएगा।
रुद्रपुर और आसपास के गांव में 22 हजार गैस कनेक्शन हैं। उपभोक्ताओं को विभाग की ओर से घर-घर जाकर सिलिंडर वितरित किए जाते हैं। गैस प्रभारी मनोज कुमार पांडे ने बताया कि सिलिंडर बांटने से लेकर दफ्तर तक के सभी कामों को ऑनलाइन कर दिया गया है।
बताया कि पूर्व में एक दिन पहले सिलिंडर बुक करने के बाद दूसरे दिन भी सिलिंडर बुक हो जाता था लेकिन अब 16 दिन बाद दूसरा सिलिंडर बुक हो रहा है। इससे उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ रहा है।
उन्होंने उपभोक्ताओं से आह्वान किया है कि गैस डिलीवरी के 16 दिन बाद ही सिलिंडर बुक कराएं। जिस नंबर के सिलिंडर बुक कर रहे हैं, उसे ही रजिस्टर्ड कराएं और पेमेंट ऑनलाइन ही करें। उन्होंने बताया कि इस समय सिलिंडर 614.50 रुपये का दिया जा रहा है। सिलिंडर को तोलकर पूरी जांच के बाद लें।