बाबा केदार के दर्शनों को आने वाले शिव भक्तों के भोजन और रात्रि प्रवास की जिम्मेदारी गढ़वाल मंडल विकास निगम को दी गई है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने निगम अधिकारियों को तय समय से पूर्व सभी जरूरी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
निगम के महाप्रबंधक अनिल गर्ब्याल ने बताया कि गौरीकुंड से केदारनाथ तक बाबा केदार के भक्तों को भोजन व आवास की उचित व्यवस्था की जा रही है। बताया कि गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर जंगलचट्टी में 18 बेड के तीन हट्स, लिनचोली में पक्के हट्स में 60 और टेंट में 352 बिस्तर की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा केदारनाथ बेस बैंक में 1000 यात्रियों को ठहराने के लिए टेंट लगाए जा रहे हैं। जबकि घोड़ा पड़ाव व देशदर्शनी में 50-50 टेंट की व्यवस्था की जाएगी। केदारनाथ बेस नंदी कॉम्पलेक्स में बने पक्के हट में 138 बेड, एमआई-26 हेलीपैड के समीप 80 बेड, स्वर्गारोहिणी कॉटेज में 90 बेड की व्यवस्था की गई है। इस बार केदारनाथ में सुमेरू टेंट कॉलोनी को पुन: स्थापित कर यहां 300 यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही मंदाकिनी नदी पार पुराने घोड़ा पड़ाव और हिम लोक परिसर में भी 300 यात्रियों के ठहरने के लिए टेंट कॉलोनी स्थापित की जाएगी।