बाबा केदारनाथ की यात्रा को लेकर इस बार केदारघाटी और देश के विभिन्न प्रांतों से आ रहे श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। यात्रा के मुख्य पड़ाव सोनप्रयाग में रविवार सुबह तक करीब 300 छोटे और बड़े वाहन पहुंच चुके थे। गौरीकुंड बाजार यात्रियों के स्वागत के लिए तैयार है।
2013 की आपदा के दंश को भुलाकर यात्रा का यह अंतिम बस्ती पड़ाव पूर्व वर्षो की भांति जगमग हो रहा है। सड़क में बनी पार्किंग 40 से अधिक वाहन खड़े है, पार्किंग के बाद से दुकानों का सिलसिला शुरू हो गया है। चाय पकोड़ी की दुकान से लेकर राशन और यात्रा से जुड़ी अन्य सामग्रियों से दुकानें सज गई है।
ग्राम प्रधान राकेश गोस्वामी, रामचंद्र गोस्वामी, मुकेश गोस्वामी आदि ने बताया कि इस बार बाबा केदार की यात्रा में गौरीकुंड अपने पुराने स्वरूप में उतरेगा। इसके लिए एक जुट होकर सभी ने कमर कस ली है।
दो हजार यात्री पहुंचे केदारनाथ धाम
अक्षय तृतीय पर खुलने वाले कपाट के लिए केदारनाथ धाम में रविवार शाम सात बजे तक दो हजार यात्री पहुंच गए हैं, जबकि पांच सौ यात्रियों को लिनचौली में रोक दिया गया है। वहीं करीब पांच सौ यात्री अभी लिनचौली और केदारनाथ धाम के बीच रास्ते में चल रहे हैं।
प्रशासन के अनुसार कपाट खुलने के दौरान धाम में करीब तीन हजार यात्री मौजूद रहेंगे। धाम जाने के लिए खच्चर, डंडी-कंडी का संचालन नहीं होने से श्रद्धालुओं को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं रास्ते में तीन यात्रियों का स्वास्थ्य बिगड़ने पर उन्हें लिनचौली लाया गया है।