चोपता मेला में लोक गीत प्रस्तुत करते हुए लोक गायिका हेमा करासी।
- फोटो : amar ujala.
बाबा केदार की आराधना से तल्लानागपुर औद्योगिक विकास, कृषि एवं पर्यटन महोत्सव का शुभारंभ हुआ। लोक गायिका हेमा करासी के गीतों ने कभी माहौल का भक्तिमय बनाया तो कभी दर्शकों को थिरकने पर विवश किया।
बृहस्पतिवार को चांदधार, चोपता में आयोजित मेले युवक व महिला मंगल दलों के खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। मेले का शुभारंभ सामाजिक कार्यकर्ता कुलदीप रावत ने किया। उन्होंने कहा कि मेले जहां आपसी भाईचारे को बढ़ावा देते हैं।
वहीं स्थानीय प्रतिभाओं को अपना हुनर प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं। इस मौके पर उन्होंने क्षेत्र के माध्यमिक स्कूलों के बोर्ड परीक्षा में 70 प्रतिशत अंक अर्जित करने वाले मेधावियों को भी पुरस्कृत किया गया। आयोजक व जिला पंचायत सदस्य योगंबर नेगी ने बताया कि मेले के अंतिम दिन खेल प्रतियोगिताओं के फाइनल मुकाबले प्रात: 9 बजे से शुरू होंगे। मेले का समापन पूर्व मुख्यमंत्री व हरिद्वार सांसद डा. रमेश पोखरियाल निशंक की ओर से दोपहर बाद किया जाएगा।
रस्सा -कस्सी में महिलाओं ने दिखाया दम
मेले में महिला मंगल दलों की रस्सा-कस्सी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें कुल्लू-भंडू, मलाऊं-फलासी, आगर, क्यूड़ी, बावई, बोरा, जाखणी और चोपता महिला मंगल दल की टीम ने प्रतिभाग किया। दूसरी तरफ युवा कल्याण विभाग की ओर से युवक मंगल दल के लिए आयोजित वालीबाल प्रतियोगिता में 15 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। उद्घाटन मैच मयकोटी व चोपता के बीच खेला गया।