बुधवार को केदारनाथ मंदिर में बाबा के दर्शन के उपरांत महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस?
- फोटो : RUDRAPRYAG
बाबा केदार से जीत का आशीर्वाद लेने पहुंचे फडणवीस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने परिवार संग की केदारनाथ में पूजा-अर्चना
रुद्रप्रयाग। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस बाबा केदार से जीत का आशीर्वाद लेने पहुंचे। परिवार सहित केदारनाथ धाम पहुंचे मुख्यमंत्री फडणवीस ने पूजा-अर्चना कर बाबा केदार का जलाभिषेक व रुद्राभिषेक किया।
बुधवार पूर्वाह्न 11 बजे मुख्यमंत्री फडणवीस का हेलीकॉप्टर केदारनाथ में वीआईपी हेलीपैड पर पहुंचा। यहां से परिवार के साथ वह मंदिर में पहुंचे, जहां बीकेटीसी व यात्रा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों ने उनकी अगवानी की। इसके बाद मंदिर के गर्भगृह में धर्माधिकारी ओंकार शुक्ला और तीर्थ पुरोहित अरविंद शुक्ला ने मुख्यमंत्री फडणवीस के हाथों पूजा का संकल्प कराया। उन्होंने भगवान केदारनाथ का रुद्राभिषेक व जलाभिषेक किया। उन्होंने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में विजयश्री का आशीर्वाद भी बाबा केदार से मांगा। केदारनाथ के मुख्य पुजारी व अन्य तीर्थ पुरोहितों ने भी उनकी जीत की कामना की। इसके बाद बीकेटीसी द्वारा मुख्यमंत्री फडणवीस को अंगवस्त्र, प्रसाद और माला भेंट की गई। करीब डेढ़ घंटे धाम में रहने के बाद मुख्यमंत्री परिवार सहित लौट गए। इस मौके पर आरसी तिवारी, युद्धवीर पुष्पवाण, प्रदीप सेमवाल आदि मौजूद थे। ब्यूरो