देवस्थानम बोर्ड को भंग करने की मांग को लेकर केदारनाथ में तीर्थपुरोहितों का आंदोलन 55वें दिन भी जारी रहा। तेज बारिश में भी आंदोलनकारियों ने मंदिर परिसर में धरना दिया और हेलीपैड तक जुलूस निकाला।
केदार सभा के अध्यक्ष विनोद शुक्ला के नेतृत्व में तीर्थपुरोहितों ने नारेबाजी के साथ मंदिर परिसर में धरना दिया। उन्होंने कहा कि उनके आंदोलन को दो माह होने को है, लेकिन अभी तक शासन-प्रशासन ने उनसे बातचीत नहीं की है। जहां एक ओर सरकार के लोग देवस्थानम बोर्ड में तीर्थपुरोहितों व हक-हकूकधारियों के हितों के सुरक्षित होने की बात कह रहे हैं, वहीं अभी तक उनकी बात नहीं सुनी जा रही है। उन्होंने पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत पर चारधाम की प्राचीन परंपरा के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। कहा कि पूर्व सीएम ने बिना सलाह-मशविरा के देवस्थानम बोर्ड को गठित किया है, जो उन्हें मान्य नहीं है। तीर्थपुरोहितों ने शासन-प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि जिला व तहसील स्तरीय प्रशासन मूक बना हुआ है, इससे समझा जा सकता है कि सरकार कितनी गंभीर है। इस मौके पर आचार्य संतोष त्रिवेदी, तेज प्रकाश शुक्ला, सौरभ शुक्ला, ललित शुक्ला, मुकेश बहुगुणा, अशोक तिवारी, दीप नारायण शुक्ला, शुभांशु तिवारी, नीरज तिवारी आदि मौजूद थे।