जखोली ब्लॉक के सिलगढ़ पट्टी के 18 गांवों में बीते 25 दिन से पेयजल सप्लाई ठप पड़ी है। ग्रामीण दूरस्थ स्रोतों से अपनी जरूरतों को पूरा कर रहे हैं, लेकिन जलसंस्थान द्वारा अभी तक क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की मरम्मत नहीं की गई है, जिससे ग्रामीणों में भारी रोष बना हुआ है।
निर्माणाधीन सिरवाड़ी-गैंठाणा मोटर मार्ग के मलबे से तैला-सिलगढ़ पेयजल योजना दिसंबर माह के दूसरे सप्ताह क्षतिग्रस्त हो गई थी। तब, से क्षेत्र के तैला, मरगांव, कंडाली, शीशों, जैली, जखनोली, टाट, मुसढुंग, कुमड़ी, चाका, फलाटी समेत 18 गांवों में पेयजल सप्लाई ठप पड़ी है। सिलगढ़ विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष वीर सिंह रावत, डीएस जखनवाल, नरेश भट्टी, क्षेत्र पंचायत सदस्य निर्मला बहुगुणा ने बताया कि जलसंस्थान व लोनिवि को क्षतिग्रस्त पेयजल योजना के बारे में कई बार अवगत कराया जा चुका है। उन्होंने पेयजल योजना की जल्द मरम्मत न होने पर जनांदोलन की चेतावनी दी है। इधर, जलसंस्थान के ईई संजय सिंह ने बताया कि लोक निर्माण विभाग को क्षतिग्रस्त योजना की मरम्मत के लिए 82.43 लाख का प्रस्ताव भेजा गया है, लेकिन विभाग द्वारा न तो योजना की मरम्मत की जा रही है और न धनराशि दी जा रही है।