राजमार्ग सहित संपर्क मार्गाें को गड्ढा मुक्त करने का अभियान की हकीकत तूना-बौंठा सहित कई संपर्क मार्ग बयां कर रहे हैं। इन मार्गों पर गड्ढों की भरमार है जिस पर वाहन तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है।
जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग से धनपुर पट्टी के गांवों को जोड़ने वाला रुद्रप्रयाग-तूना-बौंठा मोटर मार्ग का शुरुआती तीन किमी हिस्सा हादसों का सबब बना है। हालत यह है कि मार्ग अपने शुरूआत से लेकर दो किमी तक पूरी तरह से खस्ताहाल है लेकिन इसके सुधारीकरण के लिए कोई इंतजाम नहीं हो रहे हैं।
उधर, क्यूंजा घाटी में दौलाधार-कंडारा-जलई मोटर मार्ग भी खस्ताहाल बना है। इधर, रुद्रप्रयाग-कोटेश्वर-सणगू सारी और रुद्रप्रयाग-सतेराखाल-चोपता मोटर मार्ग पर भी कई जगहों पर गड्ढे हैं। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड लोनिवि के अधिशासी अभियंता इंद्रजीत बोस ने बताया कि तूना-बौंठा मोटर मार्ग पर तीन माह पूर्व अतिक्रमण हटाया गया था जिससे कुछ जगहों पर मार्ग खराब हो रखा है। सड़क को दुरुस्त करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा हुआ है लेकिन अभी तक स्वीकृति नहीं मिल पाई है।