केदारनाथ में बाबा केदार के दर्शनों को पहुंची दो महिला यात्रियों सहित तीन लोगों की तबियत खराब होने से मौत हो गई। पुलिस कार्रवाई के बाद जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में पोस्टमार्टम कर शव संबंधितों के परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
बीते शुक्रवार को केदारनाथ मंदिर के कपाटोद्घाटन पर बाबा के दर्शनों को सोनी छाया बेन (47) पत्नी सोनी मितुल बेन, ग्राम बडोदरा, विवेकानंद नगर, अहमदाबाद, गुजरात, निवासी बाबा के दर्शनों को गई थी। लेकिन रास्ते में तबियत खराब होने पर वह परिजनों के साथ वापस सोनप्रयाग लौट आईं। रात्रि 9 बजे एबुलेंस से जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग लाया गया। जहां इलाज के दौरान देर रात्रि उनकी मौत हो गई।
शनिवार सुबह 10.15 बजे केदारनाथ में बाबा के दर्शनों को मंदिर परिसर में पहुंची उर्मिला गर्ग (67) पत्नी त्रिलोकीनाथ गर्ग, ग्राम दिबई, बुलंदशहर (यूपी) की अचानक तबियत बिगड़ने से मौत हो गई। वहीं, दिलशा राम (61) पुत्र जयनारायण, निवासी गौर-खुर्द, जिला भिंड, मध्य प्रदेश की केदारनाथ में तबियत बिगड़ने पर मौत हो गई। दोनों शवों का पंचनामा भरने के बाद पुलिस ने हेलीकॉप्टर से गुप्तकाशी भेजा। जहां से पोस्टमार्टम के लिए एबुलेंस के जरिए शवों को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग लाया गया।
सीएमएस डॉ. मनोज बडोनी ने बताया कि मृतक यात्रियों के शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। साथ ही मामले में प्रशासन को रिपोर्ट भेज दी गई है। इधर, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि शनिवार को केदारनाथ में यात्री उर्मिला गर्ग और दिलशा राम की मौत तबियत खराब से पुष्टि हो चुकी है। लेकिन तीसरे यात्री के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है कि मौत किन कारणों से हुई है।