रुद्रपुर में बाइक चोरों की धरपकड़ में जुटी आदर्श कॉलोनी चौकी पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों से चुराई गई 10 बाइकों के साथ दो ऑटोलिफ्टरों को गिरफ्तार किया है। आईजी ने पुलिस टीम को पांच हजार, एसएसपी ने ढाई हजार और एसपी क्राइम ने डेढ़ हजार रुपये इनाम की घोषणा की है।
रुद्रपुर कोतवाली में सोमवार को बाइक चोरी का खुलासा करते हुए एसपी क्राइम कमलेेश उपाध्याय, एएसपी स्वतंत्र कुमार ने बताया कि रविवार शाम को ग्राम बग्गी फार्म मिलक (रामपुर) निवासी मनप्रीत कौर पुत्री देवेंद्र सिंह ने बाइक सवार दो युवकों की ओर से उनका मोबाइल झपटने की शिकायत की थी। इस पर आदर्श कॉलोनी चौकी प्रभारी ओमप्रकाश और बाजार चौकी प्रभारी जसविंदर सिंह ने ब्लॉक रोड पर घेराबंदी कर बाइक सवार ग्राम मिर्जापुर थाना साही जिला बरेली निवासी संजू कुमार उर्फ रघु और कृष्णा कॉलोनी ट्रांजिट कैंप निवासी सूरज को पकड़ लिया। दोनों के कब्जे से झपटा हुआ मोबाइल बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने कुछ बाइकें चोरी कबूलने की बात भी कही। उनकी निशानदेही पर चोरी की 10 बाइकें विभिन्न क्षेत्रों से बरामद की गईं हैं। दोनों ने रुद्रपुर, ट्रांजिट कैंप और पंतनगर थाना क्षेत्र से बाइकों को चुराया था। पुलिस टीम में कोतवाल केसी भट्ट, आदर्श कॉलोनी चौकी प्रभारी ओमप्रकाश, एसएसआई कमलेश भट्ट, जगदीश ढकरियाल और कांस्टेबल अनुज वर्मा भी शामिल रहे।