रुद्रपुर में तीन वर्ष तक प्रेम संबंध में रहने के बाद प्रेमिका की शादी कहीं और तय हुई तो बदला लेने के लिए प्रेमी ने प्रेमिका का अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। प्रेमिका की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को सौंपी तहरीर में क्षेत्र निवासी एक युवती ने कहा कि करीब तीन वर्ष पूर्व वह मॉडल टाऊन पुरानी खजूर वाली गली बरेली (यूपी) निवासी इम्तियाज सिद्दीकी के संपर्क में आई। कुछ समय बाद ही दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। इसी दौरान एक दिन इम्तियाज ने अपने मोबाइल से उसका अश्लील वीडियो बना लिया। आरोप है कि कुछ समय पूर्व युवती के परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी। इम्तियाज को जब इसकी भनक लगी तो उसने युवती से कहीं और शादी करने से इनकार किया। युवती ने परिजनों का हवाला देकर अपनी मजबूरी बताते हुए ऐसा करने से मना कर दिया। इसके बाद इम्तियाज ने उसका अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। 19 फरवरी को युवती को इसका पता चलने पर उसने ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस को मामले की तहरीर सौंपी। ट्रांजिट कैंप थाना प्रभारी विद्यादत्त जोशी ने बताया कि युवती की तहरीर पर इम्तियाज के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।