रुद्रपुर। स्मैक तस्करी के धंधे में तस्करों द्वारा कैरियर के रूप में इस्तेमाल किए जा रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके पास से छह ग्राम से अधिक स्मैक बरामद की है। तस्कर अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
मुखबिर की सूचना पर रविवार देर रात बाजार चौकी प्रभारी होशियार सिंह ने गांधी कॉलोनी क्षेत्र में दबिश देकर ट्रांजिट कैंप निवासी विजय वनिक को पकड़कर उससे 6.12 ग्राम स्मैक बरामद की। पूछताछ में विजय ने बताया कि गांधी कॉलोनी निवासी शोएब उर्फ काले उसे स्मैक देता था जिसे वह ट्रांजिट कैंप स्थित फुटबॉल मैदान के पास रहने वाले एक युवक को सौंपता था। इसके एवज में उसे पीने के लिए थोड़ी स्मैक और कुछ रुपये मिलते थे। शोएब बरेली से स्मैक की खेप लाकर उसे रुद्रपुर के साथ ही आसपास के क्षेत्रों में भी बेचता है। चौकी प्रभारी ने बताया कि विजय को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया है। शोएब की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है।
267 ग्राम स्मैक सहित एक दबोचा
खटीमा। झनकईया थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर खटीमा से लोहियाहेड रोड की ओर जा रहे एक बाइक सवार को रोका। युवक की तलाशी लेेने पर उसके पास से 267 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश कर दिया है। इस दौरान सीओ कमला बिष्ट, एसआई अकरम सिंह, प्रभात चौधरी, ताजुद्दीन आदि थे। ब्यूरो