नाबालिग से देह व्यापार के मामले में पुलिस ने एक महिला और होटल मालिक को हिरासत में लिया है। नाबालिग के बयान के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध पोक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में कई अन्य लोगों के भी संलिप्त होने की आशंका है। पुलिस ने सभी को जल्द ही चिह्नित कर गिरफ्तार करने की बात कही है।
हुआ यूं कि बीते मंगलवार को पुलिस ने पति-पत्नी से जुड़े मामले में एक महिला को काउंसलिंग के लिए हेल्प लाइन में बुलाया था, लेकिन महिला नहीं पहुंची। कई बार फोन करने के बाद भी महिला उपस्थित नहीं हुई। इसके बाद महिला की खोजबीन की गई तो महिला होटल में मिली। होटल के कमरे में महिला के साथ एक 16 वर्षीय नाबालिग भी थी। पूछताछ की गई तो पता चला कि नबालिग महिला की बेटी है और उसकी मां उससे लंबे समय से देह व्यापार करवा रही है।
इसके बाद कोतवाली में बाल कल्याण समिति की पुलिस उपाधीक्षक और मजिस्ट्रेट के सम्मुख नाबालिग से पूछताछ की गई। साथ ही महिला और होटल मालिक को भी हिरासत में लेते हुए पूछताछ की गई, जिसमें चौंकाने वाली बातें सामने आई कि महिला अपनी बेटी के साथ-साथ एक अन्य 13 वर्षीय नाबालिग से भी देह व्यापार करवा रही है। 16 वर्षीय नाबालिग की बाल कल्याण समिति से काउंसिलिंग कराई गई। पीड़िता के बयान के आधार पर उसकी मां और होटल मालिक के विरुद्ध पोक्सो एक्ट, अनैतिक देह व्यापार और मानव तस्करी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा गया है। पुलिस द्वारा होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, साथ ही दूसरी नाबालिग और उसकी मां से भी पूछताछ की गई है। पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि महिला व होटल मालिक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दूसरी नाबालिग के मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि 16 वर्षीय नाबालिग को शादी के बहाने अपहृत कर ले जाने का मामला दो माह पूर्व हरिद्वार में भी दर्ज हुआ है। मामले दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। स्थानीय एक आरोपी अब भी फरार है, उसकी धरपकड़ के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।