तिलवाड़ा। मुख्य बाजार में चोरों ने दो दुकानों की छत तोड़कर लाखों के सामान पर हाथ साफ किए हैं। पीड़ितों ने थाना अगस्त्यमुनि में तहरीर दर्ज कर चोरों को पकड़ने की मांग की है। इधर, व्यापार संघ ने बाजार में गश्त नहीं होने पर रोष जताते हुए प्रदर्शन किया।
बुधवार सुबह करीब सात बजे उराकेश उनियाल व आरएस बिष्ट अपनी दुकान पर पहुंचे तो वहां पूरा सामान बिखरा मिला। छत पर बड़ा छेद भी था। उनियाल ने बताया कि उनकी दुकान से दो लाख के मोबाइल सेट, रिचार्ज कूपन, डाटा केबिल के साथ ही 25 हजार नगदी भी चोरी हैं। वहीं, बिष्ट ने बताया कि नोटों की माला सहित 10 हजार नगदी और दो लाख रुपये का फैंसी सामान चोरी हुआ है। उन्होंने बताया कि चोरों ने पटालों को हटाकर अंदर से लगी प्लाई को काटकर घटना को अंजाम दिया है। इधर, व्यापार संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद सकलानी के नेतृृत्व में व्यापारियों ने चोरी की घटना पर रोष जताते हुए पुलिस पर गश्त नहीं करने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। कहना था कि कुछ दिन पहले भी बाजार में एक दुकान का ताला तोड़ा गया था। जबकि बीते वर्ष दो दुकानों से मोबाइल व रिचार्ज कूपन चोरी हुए थे। थानाध्यक्ष सुबोध ममगाईं ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। मोबाइल सेंटर में रखे सभी मोबाइल सेट के आईएमई नंबर ले लिए हैं। इधर, सीओ अभय कुमार सिंह ने बताया कि चौकी पुलिस को रात्रि गश्त के निर्देश दे दिए गए हैं। वे स्वयं भी स्थिति का जायजा लेंगे।