फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हवाई फायरिंग कर मचाई दहशत, चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज

विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
गदरपुर में खेत की मेढ़ को जोतने एवं ट्यूबवेल को क्षतिग्रस्त करने के विरोध में हुई मारपीट के मामले को लेकर हुई पंचायत के फैसले से एक पक्ष नाराज हो गया। नाराज एक पक्ष के लोगों ने हथियारों से लैस होकर दूसरे पक्ष के घर पर धावा बोल दिया और फायरिंग कर खूब दहशत मचाई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने मौके से खाली खोखे बरामद करने के साथ ही एक पक्ष के चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
विज्ञापन

जानकारी के मुताबिक ग्राम कनकटा निवासी रजवंत कौर का गांव के ही सतनाम सिंह के साथ मेढ़ का विवाद चल रहा है। आरोप था कि बुधवार को सतनाम सिंह ने रजवंत कौर के खेत की मेढ़ जोतने के साथ ही ट्यूबवेल क्षतिग्रस्त कर दिया था। रजवंत के पुत्र अमृतपाल के विरोध करने पर सतनाम सिंह के साथ मारपीट हो गई थी। इसको लेकर दोनों पक्षों के लोगों की तरफ से बृहस्पतिवार को ग्राम प्रधान जगदीप सिंह की मौजूदगी में पंचायत रखी गई थी। पंचायत के फैसले से नाराज होकर सतनाम सिंह का पुत्र गुरविंदर सिंह अपने साथी मनजोत सिंह, ग्राम मुकंदपुर निवासी सिमर विर्क एवं आवास विकास निवासी प्रशांत सक्सेना के साथ हथियारों से लैस होकर रजवंत कौर के घर पर आ धमका। उन्होंने रसोई में कार्य कर रही रजवंत के साथ गाली गलौच करते हुए जान से मारने की नीयत से चार-पांच फायर झोंक दिए। इनमें निकले छर्रे दीवारों एवं किचन के दरवाजों से जा टकराये और रजवंत ने नीचे झुककर जान बचाई। वहीं झूला झूल रही उसकी छह माह की पोती, पुत्र अमृतपाल एवं उसकी पुत्रवधू बाल बाल बच गए। गोलियों की आवाज सुनकर दहशत मच गई। ग्रामीण रजवंत के घर की ओर दौड़े तो आरोपी फायरिंग कर खेतों की ओर भाग गए। सूचना मिलने पर एसओ ललित मोहन जोशी एवं एसआई बसंत कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और मामले के बारे में जानकारी ली। पुलिस को मौके से कुछ कारतूसों के खोखे भी बरामद हुए। घटना से डरी सहमी रजवंत कौर ने पुलिस को तहरीर सौंपकर गुरविंदर सिंह, मनजोत सिंह, सिमर विर्क एवं प्रशांत सक्सेना के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ धारा 307,427, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें