पूर्व सीएम बोले, आपदा में लापता लोगों का अभी तक नहीं चल पाया है पता
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि यदि दीपावली तक आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत, पुनर्वास और विस्थापन की प्रक्रिया प्रारंभ नहीं की गई तो कांग्रेस न्याय यात्रा निकालकर सड़कों पर उतरेगी। पूर्व सीएम रावत ने कहा कि आपदा के बाद काफी समय बीत गया है लेकिन अब तक लापता लोगों का पता नहीं चला है।
सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने रुद्रप्रयाग में पत्रकारों से वार्ता की। कहा कि इस वर्ष उत्तराखंड में 2013 जैसी भीषण आपदाएं आईं लेकिन प्रभावित परिवारों को अब तक उचित सहायता और राहत राशि नहीं मिल पाई है। उन्होंने कहा कि क्या प्रशासन बीजेपी नेताओं के इंतजार में है कि जब वे आएंगे तब वे राहत वितरण करेंगे।
उन्होंने कहा आपदा से जुड़ी सहायता के मानक पिछले 10 वर्षों से नहीं बदले हैं। हमारी सरकार ने जो मानक बनाए थे। अब समय आ गया है कि उन्हें बढ़ाया जाए। पूर्व सीएम रावत ने पंचायती राज आयोग पर भी नाराजगी जताई और मतदाता सूची में हेरफेर का आरोप लगाया। गांवों में रहने वाले वास्तविक मतदाताओं को सूची से हटाया जा रहा है और बाहरी मतदाताओं को जोड़ा जा रहा है।