पर्यटक स्थलों पर पहुंच रहे देश-विदेश के पर्यटकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवियों ने क्लीन इंडिया के तह कनकचौंरी-कार्तिक स्वामी ट्रेकिंग रूट पर सफाई अभियान चलाया। इस दौरान एक कुंतल से अधिक कचरा एकत्रित किया गया।
कनकचौंरी के व्यापार संघ अध्यक्ष संजय सिंह नेगी व ग्राम प्रधान पुष्पा नेगी की मौजूदगी में नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवियों ने बाजार से मंदिर तक लगभग साढ़े तीन किमी ट्रेकिंग रूट की दो तरफा साफ-सफाई की। इस दौरान प्लास्टिक कचरा एकत्रित किया गया। जिला युवा अधिकारी राहुल डबराल ने बताया कि क्लीन इंडिया अभियान का मुख्य उद्देश्य स्थानीय के साथ बाहर से आ रहे पर्यटकों को प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जागरूक करना है। इस मौके पर कविता जुगराण, अभिलाषा, प्रीति, सुमित, राजेंद्र, मयंक, संतोष विष्ट, वंदना सहित अन्य स्वयं सेवी मौजूद थे। संवाद