जखोली ब्लॉक पर्यटक स्थल बधाणीताल में दो दिवसीय बधाणीताल पर्यटन एवं बैसाखी मेले का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बधाणीताल में पर्यटक आवास गृह बनाने, बधाणीताल का सौंदर्यीकरण और बरसिर-बधाणीताल मोटर मार्ग को हॉटमिक्स करने की घोषणा की।
बैसाखी पर्व पर शुरू हुए दो दिवसीय मेला में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में पौराणिक मेले, तीज-त्योहार की प्राचीन परंपरा है। कहा कि सरकार, इन प्राचीन सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शहरों से लेकर गांवों तक जनसमस्याओं के समयबद्ध निस्तारण के लिए ठोस व्यवस्था बनाई जाएगी। मुख्यमंत्री धामी ने सरकार के पांच वर्ष के विकास का खाका रखते हुए कहा कि जनता की अधिकाधिक समस्याएं हल करते हुए पहाड़ी राज्य उत्तराखंड को आत्मनिर्भर बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने राजकीय इंटर कॉलेज भीरी का नाम शहीद मुरलीधर के नाम से करने, जग्गी-मोहनखाल मोटर मार्ग का नाम शहीद फते सिंह के नाम से करने और ब्यूंग-मैखंडा मोटर मार्ग की स्वीकृति की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जो भी घोषणाएं की गई हैं, उनका शासनादेश यथाशीघ्र जारी कर दिया जाएगा। मेला समिति के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को प्रतीक चिह्न भेंट किया। इस मौके पर विधायक व मेला समिति ने सीएम को चांदी का मुकुट भी पहनाया। उन्होंने मेले को राज्य मेला का दर्जा देने के साथ ही अन्य क्षेत्रीय समस्याओं से भी सीएम को अवगत कराते हुए निराकरण की मांग की।
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह, भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश उनियाल, पूर्व जिलाध्यक्ष वाचस्पति सेमवाल, ब्लॉक प्रमुख प्रदीप थपलियाल, राजेश्वरी देवी, मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद जोशी, महावीर पंवार, गंभीर सिंह बिष्ट, कुलेंद्र राणा, विक्रम कंडारी, गिरविर बिष्ट, शशि नेगी, सुनीता जोशी, संपूर्णानंद सेमवाल, मेहरवान सिंह, सतीश सेमवाल आदि मौजूद थे।
सैनिक स्कूल पहली प्राथमिकता
रुद्रप्रयाग के विधायक भरत सिंह चौधरी ने कहा कि जखोली ब्लॉक के थाती-बड़मा में प्रस्तावित सैनिक स्कूल के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। कहा कि जनता ने कांग्रेस के मंसूबों पर पहले ही पानी फेर दिया था। बावजूद कुछ लोग अब भी यह भ्रम फैलाने में लगे हुए हैं कि सैनिक स्कूल को अन्यत्र शिफ्ट किया जा रहा है, जबकि ऐसा नहीं हैं। कहा कि, थाती-बड़मा में सैनिक स्कूल का निर्माण उनकी पहली प्राथमिकता में शामिल है और वह इसका निर्माण कराकर रहेंगे।
विधायक ने कहा, सीएम के लिए छोडूंगा सीट
रुद्रप्रयाग के विधायक भरत सिंह चौधरी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लिए सीट छोड़ने की पेशकश की है। कहा कि प्रदेश के हित में भरत सिंह चौधरी विधायक रहे या न रहे, लेकिन पुष्कर सिंह धामी का मुख्यमंत्री बने रहना जरूरी है। मुख्यमंत्री रुद्रप्रयाग विस से चुनाव लड़ते हैं, तो यह क्षेत्र का सौभाग्य होगा।