रुद्रपुर। जिले में थर्टी फर्स्ट और नए साल का जश्न धूमधाम से मनाया गया। होटलों में देर रात तक डीजे पर लोग थिरकते रहे। वहीं सुरक्षा को लेकर पुलिस चप्पे-चप्पे पर तैनात रही। यूपी और नेपाल सीमाओं से आने वाले वाहनों की तलाशी लेने के बाद ही जिले में एंट्री हो सकी।
मंगलवार देर रात थर्टी फर्स्ट व नए साल को लेकर लेकर होटलों में खास तैयारियां की गई थी। रात 12 बजे लोगों ने केक काटकर पुराने साल की विदाई और नए साल का स्वागत किया। रेडिशन ब्लू, आर्क होटल, रुद्रा होटल में बॉन फायर के साथ ही लोग जमकर फिल्मी गानों में थिरकते रहे। लोगों ने परिवार के साथ विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का आनंद लिया। होटलों में आने वालों के लिए कपल डांस, प्रश्नोत्तरी सहित विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया था। सुरक्षा को लेकर जिले की पुलिस टीमें पूरी तरह से मुस्तैद रही। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में देर रात तक पेट्रोलिंग की जाती रही।
वहीं हाईवे 87 और हाईवे-74 पर यूपी व नेपाल सीमा से आने वाले वाहनों की तलाशी ली गई। रात 12 बजे बजते ही लोगों ने एक दूसरे को नए साल की शुभकामनाएं दी। कई जगहों पर लोग नए साल का स्वागत आतिशबाजी करते देखे गए। लोगों ने दूर दराज रह रहे परिचित, दोस्त और रिश्तेदारों को सोशल मीडिया के जरिए नए साल के संदेश भेजकर बधाई दी।
थर्टी फर्स्ट, नए साल को लेकर पुलिस पूरी तरह से अलर्ट है। हाईवे में वाहनों की चेकिंग के साथ ही क्षेत्रों में पेट्रोलिंग की जा रही है। सभी होटलों व क्षेत्रों में जश्न शांतिपूर्ण तरीके से मनाने को कहा गया है।
- बरिंदरजीत सिंह, एसएसपी।