कालीमठ घाटी के चिलौंड गांव में भारत संचार निगम का मोबाइल टावर खराब रहने से ग्रामीण परेशान है। पिछले एक सप्ताह से टावर के खराब होने से 13 गांव के लोग संचार सेवा वंचित है। उन्होंने जल्द संचार सेवा बहाल नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
ऊखीमठ ब्लॉक के कालीमठ, कोटमा, कविल्ठा, चौमासी, चिलौंड समेत 10 ग्राम पंचायतों के 13 गांवों को मोबाइल सेवा से जोड़ने के लिए बीएसएनएल द्वारा चिलौंड गांव के समीप मोबाइल टॉवर लगाया हुआ है, लेकिन बीते दो वर्ष से टावर अक्सर खराब हो रहा है, जिस कारण ग्रामीणों को संचार सेवा से वंचित होना पड़ रहा है। जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों द्वारा बीडीसी, तहसील दिवस व जनता दरबार में अधिकारियों को अवगत भी कराया जा चुका है, लेकिन स्थिति जस की तस है। स्थानीय विजय सिंह राणा, दिनेश सतकारी, मनवर सिंह चौहान, संदीप भट्ट, ओप प्रकाश भट्ट, निवर्तमान ग्राम प्रधान शिवदेई देवी, मोहन सिंह राणा आदि का कहना है, कि संचार सेवा के अभाव में ग्रामीण आदिकाल में जीने को मजबूर हैं। उन्होंने जल्द सेवा बहाल नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। दूसरी तरफ गौरीकुंड में भी संचार सेवा बदहाल पड़ी है। यहां आए दिन मोबाइल कनेक्टिविटी गुल हो रही है, जिससे स्थानीय लोगों के साथ यात्रियों को दिक्कत हो रही है। इधर, बीएसएनएल के उप खंड अधिकारी डीएस कंडारी ने बताया कि टावर में खराबी के बारे में तकनीक अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। जल्द समस्या का निस्तारण कर सेवा को बहाल कर दिया जाएगा।