रुद्रपुर। रुद्रपुर में स्कूली बच्चों को ले जाने में लापरवाही बरतने वाले वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग सख्त कार्रवाई नहीं कर रहा है। रुद्रपुर में ई-रिक्शा, टेंपो और स्कूली बसों में बच्चों को ठूंस-ठूंसकर भरा जा रहा है।
नई टिहरी में स्कूली बस के खाई में गिरने से हुई नौ बच्चों की मौत की घटना के बावजूद परिवहन विभाग जागा नहीं है। रुद्रपुर में खासकर सुबह स्कूल खुलते समय और दोपहर में स्कूल की छुट्टी के समय ई-रिक्शा और टेंपो में स्कूली बच्चों को ठूंस-ठूंसकर भरा जा रहा है। कई बच्चे टेंपो के पीछे लटके हुए नजर आते हैं तो कुछ बच्चे चालक के साथ सीट पर बैठे हुए नजर आते हैं।
ऐसे में स्कूली बच्चे हादसों का शिकार हो सकते हैं। मंगलवार को रुद्रपुर बाजार क्षेत्र व नैनीताल हाइवे पर ई-रिक्शा व टेंपो में बच्चे ठूंस-ठूंस कर भरे नजर आए। वहां मौजूद सीपीयू कर्मियों ने भी इन वाहन चालकों पर कार्रवाई करने का प्रयास नहीं किया। साथ ही रुद्रपुर में कई नाबालिग भी ई-रिक्शा चला रहे हैं, जो कि सवारियों के लिए जान का खतरा हैं।
एआरटीओ प्रवर्तन संदीप सैनी ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मंगलवार को रुद्रपुर और किच्छा में यातायात नियमों के उल्लंघन में 43 स्कूल बसों के चालान व चार बसों को सीज किया गया।
चेकिंग के दौरान बगैर फिटनेस, टैक्स, परमिट व ओवरलोडिंग में निजी स्कूली बसों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 87 स्कूली वाहनों को चेक किया गया। इनमें से 43 के चालान व चार बसें सीज की गई। यह अभियान लगातार जारी रहेगा।