केदाननाथ यात्रा मार्ग पर बर्फ हटाने में जुटे श्रमिक। स्रोत विभाग
रुद्रप्रयाग। बीते सप्ताह से लगातार बदलते मौसम और बर्फबारी के कारण केदारनाथ यात्रा की तैयारियां रुक गई थीं। बृहस्पतिवार को धूप खिली तो डीडीएमए के श्रमिक, मंदिर समिति के कर्मचारी, पुलिस और आईटीबीपी के जवान फिर से बर्फ हटाने में जुट गए।
वहीं बीते दिनों हुई भारी बर्फबारी के बाद केदारनाथ धाम से लिनचोली तक साफ किए गए मार्ग पर दोबारा बर्फ जम गई है। बृहस्पतिवार सुबह मौसम साफ रहने के बाद दोपहर बाद फिर धाम में मौसम बिगड़ गया। धाम में आवश्यक सामग्री घोड़े-खच्चरों के माध्यम से पहुंचाई जा रही है। वहीं केदारनाथ-गौरीकुंड मार्ग पर घोड़ा पड़ाव से आगे भी काम शुरू कर दिया गया है। डीडीएमए के अधिशासी अभियंता राजवीर ने बताया कि बर्फबारी के कारण धाम एवं यात्रा मार्ग पर 4 से 5 फीट तक बर्फ जम चुकी है। टीम की ओर से बर्फ हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है। वहीं जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं यात्रा के सुचारु संचालन के लिए हर स्तर पर तैयारियां पूरी करने का लक्ष्य तय किया गया है।