किसान सभा सहित शेरसी व मैखंडा के ग्रामीणों ने केंद्र सरकार से ऑलवेदर रोड परियोजना में रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे पर हुए घटिया निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। इस मौके पर ग्रामीणों ने एनएच व कार्यदायी संस्था के खिलाफ प्रदर्शन भी किया।
जिला पंचायत के पूर्व सदस्य राजाराम सेमवाल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने शेरसी में धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि आंदोलन को डेढ़ माह होने को है, लेकिन अभी तक प्रशासन व एनएच के सक्षम अधिकारियों ने मौके पर पहुंचना जरूरी नहीं समझा है। उन्होंने केंद्रीय परिवहन व सड़क मंत्री से ऑलवेदर रोड परियोजना में निर्माणाधीन रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राजमार्ग पर हुए घटिया कार्य की जांच, दोषी अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई और कार्यदायी संस्था को ब्लैक लिस्ट करने की मांग की। धरना देने वालों में सुमित अग्रवाल, बीरेंद्र भट्ट, विक्रम लाल, लतेश्वर उनियाल, गोविंद लाल, रघुवीर सिंह आदि मौजूद थे।