तिलवाड़ा-बावई मोटर मार्ग पर कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, एक अन्य घायल हो गया। उसे 108 से जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में भर्ती कराया गया है। वाहन चमियाला से पोखरी जा रहा था।
मंगलवार सुबह करीब 10 बजे तिलवाड़ा-बावई मोटर मार्ग पर कर्णधार में एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। बोल्डर और चीड़ के पेड़ से टकराते हुए वाहन सड़क से करीब 70 मीटर नीचे जा गिरा। घटना में 40 वर्षीय उमेद सिंह नेगी पुत्र स्व. जसपाल सिंह, निवासी तोणजी, तहसील पोखरी की मौके पर ही मौत हो गई। 42 वर्षीय जितेंद्र सिंह भंडारी पुत्र गजेंद्र सिंह भंडारी निवासी जौरासी, पोखरी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार और एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर अनिरुद्ध भंडारी मय फोर्स समेत मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू दल ने रस्सों के सहारे घायल व्यक्ति को खाई से निकालकर जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में भर्ती कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रेस्क्यू टीम में एसआई कर्ण रावत, हेड कांस्टेबल आशीष डिमरी, हरीश बंगारी, प्रदीप सिंह, दीपक कुमार, पवन, सुभाष, अजय बिष्ट, विकास गुंसाई, अमृत, विपिन रतूड़ी, नीरज शामिल थे।