रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिला प्रशासन की ओर से विधायकों, जनप्रतिनिधियों, तीर्थ पुरोहितों समेत अधिकारियों के साथ आठ जनवरी को यात्रा की प्रथम बैठक होगी।
जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने बताया कि बैठक में बीते साल हुए कार्यों की समीक्षा और आगामी यात्रा की तैयारियों से जुड़े अहम कार्यों व यात्रा को प्रभावी और सुनियोजित करने को लेकर चर्चा होगी। बैठक में केदारनाथ मंदिर के तीर्थ पुरोहित, मंदिर समिति के पदाधिकारी, स्थानीय व्यापार मंडल के प्रतिनिधि और स्थानीय जन प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
इसके साथ ही घोड़ा खच्चर संचालक एसोसिएशन, टैक्सी मैक्सी एसोसिएशन आदि को भी शामिल किया गया है।
केदारनाथ यात्रा में घोड़ा खच्चर संचालकों व टैक्सी-मैक्सी संचालकों के साथ समन्वय स्थापित कर यात्रा संचालन दिक्कतों को दूर कर इस साल यात्रा और बेहतर करने पर भी चर्चा होगी।
जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने बताया कि यात्रा की तैयारियों में 2-3 महीनों का समय लगता है। ऐसे में हमारी कोशिश है कि आगामी यात्रा को और बेहतर किया जाए।