रुद्रप्रयाग। जनपद में मंदाकिनी नदी सहित अन्य स्थानों पर लगी ट्राली में सवार होने वाले लोगों को अब लाइफ जैकेट पहनकर नदी आरपार करनी होगी। ऐसे में अगर, कोई हादसा हो भी गया, तो नदी में गिरने पर कोई डूबेगा नहीं। जिलाधिकारी ने लोनिवि को सभी ट्राली वाले स्थानों पर 10-10 लाइफ जैकेट उपलब्ध करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही दोनों छोर पर पीआरडी जवानों व अन्य सुरक्षा कर्मियों की तैनाती नियमित करने को कहा है।
बीते सोमवार को फाटा में रेल गांव जाते समय युवती के ट्राली से गिरने की घटना के बाद से जिलाधिकारी ने लोनिवि को प्रभावित स्थानों पर जरूरी ऐतिहात बरतने को कहा है। उन्होंने ट्राली में सवार होने वाले स्कूली बच्चों व ग्रामीणों को लाइफ जैकेट उपलब्ध कराने को कहा है। विभाग को विजयनगर, चंद्रापुरी, रेल आदि स्थानों पर 10-10 लाइफ जैकेट उपलब्ध कराने को कहा गया है। ट्राली में सवार होने वाले 3 से चार लोग लाइफ जैकेट पहनकर दूसरे छोर पर पहुंचेंगे। जहां से पुन: पहले छोर पर पहुंचने वालों को ये लाइफ जैकेट पहनाई जाएगी। जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने बताया कि लोनिवि को तीन दिन में सभी ट्राली वाले स्थानों पर लाइफ जैकेट उपलब्ध कराने को कहा गया है।