तीन दिन से हो रही बारिश से ऋषिकेश-बदरीनाथ और रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राजमार्ग कई स्थानों पर अति संवेदनशील हो गए हैं। वहीं, जिले में 40 संपर्क मोटर मार्ग अवरुद्ध हो चुके हैं। इस कारण 100 से अधिक गांवों का तहसील व जिला मुख्यालय से संपर्क कट चुका है। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन व सड़क कार्यदायी संस्थाओं से संपर्क मार्गों को जल्द सुधारने की मांग की है।
शुक्रवार से हो रही बारिश के कारण संपर्क मोटर मार्ग जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। दो दिन से धनपुर, बच्छणस्यूं, रानीगढ़, भरदार, सिलगढ़ क्षेत्र के छोटे वाहन जिला व तहसील मुख्यालयों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार जिले में खांकरा-खेड़ाखाल-खिर्सू, विजयनगर-तैला, नगरासू-डांडाखाल, कांडई-कमोल्ड़ी-मोलखाखाल, छेनागाड़-बक्सीर, रैंतोली-जसोली, रतनपुर-दरमोला, गुप्तकाशी-कालीमठ-चौमासी, सोनप्रयाग-त्रियुगीनारायण, जागधार-गड़तरा, बांसवाड़ा-किरोदी-गैर-जलई-कंडारा, नागजगई-फेगू, सणगू-सारी, बावई-चौकी-बर्सिल, बष्टी-हाट, धद्दी-सेरा-बांसी, ममणी-जखोली, विनोवाधार-स्यूंर, बंदरतोली-मवाणगांव समेत 40 संपर्क मोटर मार्ग अवरुद्ध हो रखे हैं। लोनिवि के अधिशासी अभियंता इंद्रजीत बोस व पीएमजीएसवाई के ईई केएस सजवाण ने बताया कि मौसम में सुधार होते ही बंद पड़े मोटर मार्गों को प्राथमिकता से खोला जाएगा।