रुद्रप्रयाग। लोक निर्माण विभाग ने केदारनाथ में मंदाकिनी नदी पर लकड़ी का अस्थायी पुलिया तैयार कर आवाजाही शुरू करा दी है। पुलिया बनने से गरूड़चट्टी क्षेत्र में रह रहे मजदूरों और साधु-संतों ने राहत की सांस ली है। सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन और पुलिस की ओर से पुलिया से एक समय में अधिकतम दो लोगों की आवाजाही कराई जा रही है। केदारनाथ में मंदाकिनी नदी का जलस्तर अब भी बढ़ा हुआ है।
लोनिवि के जेई भरत सिंह कप्रवाण ने बताया कि दस-दस फीट लंबी तीन-तीन बल्लियों को लंबाई में जोड़ा गया है। पुलिया इस पूरे सीजन में आवाजाही के लिए सक्षम है। सोमवार को एसडीएम, सेक्टर मजिस्ट्रेट, चौकी प्रभारी सहित निम के लोगों ने अस्थायी पुलिया से आवाजाही की। शनिवार को मूसलाधार बारिश से केदारनाथ में मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ने से अस्थायी पुल डूब गया था। ऐसे में नदी के दूसरी छोर पर रह रहे निम के 300 मजदूर और 30 से अधिक साधुओं का केदारपुरी से संपर्क कट गया था। रविवार को निम ने माउंटेरिंग रोप तैयार कर दूसरे छोर तक जरूरी सामग्री पहुंचाई गई थी।