रुद्रप्रयाग। केदारनाथ को किस तरह से बेहतर से बेहतर और दिव्य बनाया जाए, इसके लिए प्रधानमंत्री धाम का आपदा से पहले व बाद के चित्रों (फोटो व वीडियो) को देखना चाहते हैं। उन्होंने मुख्य सचिव व रुद्रप्रयाग प्रशासन को आपदा से पहले के पुराने से पुराने फोटो संग्रह कर प्रस्तुत करने को कहा है।
प्रधानमंत्री अपने ड्रीम प्रोजेक्ट केदारनाथ धाम को दिव्य और भव्य बनाने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोडना चाहते हैं। उन्होंने आधुनिकता के साथ प्राचीन मान्यताओं के साथ पुनर्निर्माण कार्यो पर जोर दिया है। अब, उन्होंने मुख्य सचिव उत्तराखंड को आदेशित किया है कि वे आपदा से पूर्व व बाद के फोटो को संग्रहित कर, जिसके आधार पर दिव्य व भव्य केदारनाथ के निर्माण की समीक्षा की जा सके। इधर, प्रशासन द्वारा आपदा से पूर्व की फोटो मांगी हैं, जिसमें आदिगुरू शंकराचार्य के समाधी स्थल सहित मंदिर के चारों तरफ का क्षेत्र और केदारपुरी के चित्र प्रमुख हैं। बताया जा रहा है कि इन फोटो के आधार पर केदारनाथ में हो रहे पुनर्निर्माण को अंतिम शक्ल दी जा सकती है। सूत्रों की मानें तो आदिगुरू शंकराचार्य के समाधी स्थल पुनर्निर्माण का डिजायन अभी तक फाइनल नहीं हुआ है। ऐसे में प्रधानमंत्री पूर्व के संबंधित स्थल को देखना चाह रहे हैं, जिससे नया डिजायन तैयार करने में आसानी हो। डीएम मंगेश घिल्डियाल ने बताया कि सभी फोटाग्राफ्स व वीडियो क्लिप मुख्य सचिव उत्तराखंड को उपलब्ध करा दी गई हैं। वे संभवत: शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी को ये फोटो व वीडियो प्रस्तुत करेंगे।