रुद्रप्रयाग। जिला आपदा प्रबंधन की दो सदस्यीय टीम ने बसुकेदार तहसील के राजकीय प्राथमिक विद्यालय क्यार्क-बरसूड़ी का निरीक्षण किया। टीम ने सुरक्षा की दृष्टि से स्कूल भवन को अति संवेदनशील बताते हुए कक्षाओं का संचालन अन्यत्र किए जाने का सुझाव दिया। टीम भवन निरीक्षण की रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेगी।
जिला आपदा प्रबंधन विभाग की दो सदस्यीय टीम ने शनिवार को राप्रावि क्यार्क-बरसूड़ी की भवन, छत, कक्षा-कक्षों का जायजा लिया। उन्होंने प्रधानाध्यापिका विजया चमोला व सहायक शिक्षक दीपक भट्ट से भी विद्यालय भवन की स्थिति के बारे में जानकारी ली। टीम ने माना कि स्कूल भवन सुरक्षा की दृष्टि से बेहद खतरनाक हालत में है। यह हल्के भूकंप के झटके से जमींदोज हो सकता है। साथ ही बरसात में छत, दीवारों से घुस रहे पानी से तख्ते, कड़ी, खिड़की-दरवाजे सड़ गए हैं, जो जानलेवा साबित हो सकते हैं। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन समिति और प्रधानाध्यापिका को यथाशीघ्र विद्यालय को अन्यत्र शिफ्ट करने का सुझाव भी दिया। कहा कि स्कूल भवन की स्थिति के बारे में प्रशासन को अवगत कराया जाएगा। अमर उजाला ने 1 अगस्त के अंक में राप्रावि क्यार्क-बरसूड़ी की बदहाली को लेकर छत और दीवारें जर्जर, कमरों में घुस रहा पानी, खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर का संज्ञान लेते हुए जिला आपदा प्रबंधन की टीम विद्यालय पहुंची। इधर, डीडीएमओ हरीश चंद्र शर्मा ने बताया कि दो सदस्यीय टीम ने स्कूल भवन का निरीक्षण किया है। उन्होंने भवन की स्थिति काफी दयनीय बताई है। रिपोर्ट मिलने पर जिलाधिकारी को प्रेषित की जाएगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।