ऊखीमठ। कुंड-ऊखीमठ-चोपता-गोपेश्वर राष्ट्रीय राजमार्ग सिरसोली के समीप चट्टान टूटने से 20 घंटे से बंद है। एनएच द्वारा यहां पर दो तरफा मशीनें लगाकर मलबा साफ कर मार्ग खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन व पुलिस द्वारा हाईवे बंद होने की स्थिति में बदरीनाथ धाम जाने वाले यात्रियों को रुद्रप्रयाग के रास्ते भेजा जा रहा है।
मंगलवार रात्रि करीब 9 बजे सिरसोली में पहाड़ी से भारी चट्टान टूटकर हाईवे पर जा गिरी, जिससे 80 मीटर हिस्से पर भारी बोल्डर व मलबा फैल गया। यहां पैदल आवाजाही भी पूरी तरह से ठप हो गई है। बुधवार सुबह एनएच निर्माण खंड रुद्रप्रयाग द्वारा मशीनों से मलबा व बोल्डरों को हटाने का कार्य शुरू किया गया। दिनभर मशीनों के संचालन के बावजूद देर शाम तक भी मार्ग नहीं खुल पाया था। हाईवे बंद होने के कारण क्षेत्र के रौडू, दिलमी, दैड़ा, बरंगाली, हुड्डू, उषाड़ा, कर्णधार, कांडा, सारी, मस्तूरा आदि गांवों के ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्कूली बच्चों के साथ रोजमर्रा के कार्यों के लिए ऊखीमठ पहुंचने वाले लोगों को मीलों पैदल चलना पड़ा। एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि इस हाईवे से बदरीनाथ जाने वाले यात्रियों को रुद्रप्रयाग के रास्ते भेजा जा रहा है। चमोली प्रशासन को भी मार्ग बंद होने की सूचना सुबह ही दे दी थी। दूसरी तरफ सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र दत्त गैरोला ने बताया कि कुंड एवं सिरसोली में पुलिस व होमगार्ड के जवान तैनात किए गए हैं, जो यात्रियों को हाईवे बंद होने की स्थिति में अन्य रास्ते से जाने के लिए मार्गदर्शन कर रहे हैं। ॉ