कोठियाड़ा प्राथमिक विद्यालय की छत, खिड़कियां, पेयजल टैंक और शौचालय क्षतिग्रस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। राजकीय प्राथमिक विद्यालय कोठियाड़ा के भवन की जर्जर छत से 14 छात्र-छात्राओं की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। विद्यालय भवन की मरम्मत के लिए विद्यालय प्रबंधन समिति और ग्राम प्रधान पिछले पांच वर्षों से संबंधित विभाग को प्रस्ताव भेज रहे हैं लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
ग्राम प्रधान कोठियाड़ा के बताया कि विद्यालय की छत जीर्ण-शीर्ण हो चुकी है जिससे दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है। भवन की खिड़कियों के दरवाजे टूटे हैं और बारिश का पानी खिड़कियों के रास्ते कक्षों में पहुंच रहा है। इसके अलावा बच्चों के लिए बनाया गया पेयजल टैंक और शौचालय भी क्षतिग्रस्त हैं। ग्राम प्रधान ने बताया कि एक वर्ष पूर्व रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी को भी भवन मरम्मत के लिए प्रस्ताव दिया गया था लेकिन अभी तक कार्य शुरू नहीं हुआ है। वहीं उपखंड शिक्षा अधिकारी तनुजा देवराड़ी ने बताया कि विद्यालय की वस्तुस्थिति से संबंधित प्रस्ताव विभाग को भेजा गया है। अब विद्यालय भवन की मरम्मत और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कार्रवाई का इंतजार है।