रुड़की स्थित गणेशपुर में सड़क धंसने से बना गड्ढा।
- फोटो : ROORKEE
बारिश से हाईवे और शहर के भीतरी मार्गों पर गड्ढों के जख्म और भी गहरे हो गए हैं। शहर में जगह-जगह गड्ढों के कारण लोगों को भारी परेशानी हो रही है। नगर निगम की ओर से मानसून से ठीक पहले जारी हुए 26 लाख कीमत के गड्ढे भरने का टेंडर भी पूरी तरह काम नहीं आ सके हैं।
वैसे तो शहर में हाईवे और भीतरी मार्गों पर लंबे समय से गड्ढे परेशानी का सबब बने हैं, लेकिन पहले लॉकडाउन के कारण और अब मानसूनी बारिश के कारण निर्माण कार्य बुरी तरह से प्रभावित हुए हैं। अनलॉक-1 शुरू होने के दौरान एनएच ने हाईवे पर कुछ जगहों पर गड्ढे भरे थे, लेकिन बारिश के बाद अब फिर से बजरी उखड़ गई है। हाईवे पर मलकपुर चुंगी, एमएच तिराहा और गणेशपुर पुल समेत जगह-जगह गड्ढे बने हैं। वहीं नगर निगम ने मानसून आने से कुछ दिन पहले ही शहर की 13 सड़कों पर गड्डे भरने के लिए 26 लाख के टेंडर जारी किए थे। टेंडर जारी होने के बाद कुछ ही सड़कों पर गड्ढे भरे गए, लेकिन बारिश के कारण काम आगे नहीं बढ़ सका। समय रहते काम नहीं होने से अब बरसात में गड्ढे जानलेवा साबित हो रहे हैं। वहीं नगर आयुक्त नूपुर वर्मा का कहना है कि टेंडर जारी किया जा चुका है, बारिश के कारण काम में दिक्कत आ रही है। जल्द ही गड्ढों को भरने का काम पूरा कराया जाएगा।
गणेशपुर में सड़क धंसने से बना बड़ा गड्ढा
रुड़की। गणेशपुर से पनियाला की ओर जाने वाली मुख्य सड़क कई फीट जगह में नीचे धंस गई। सड़क में गहरा और बड़ा गड्ढा बन गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। यह सड़क करीब डेढ़ साल पहले एडीबी ने बनवाई थी। नगर निगम ने सड़क की मरम्मत का काम शुरू करा दिया है।
गौरतलब है कि गणेशपुर चौक से पनियाला की ओर से जाने वाले मुख्य मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है। यहां पर कुछ दिन पहले नगर निगम ने नाला निर्माण का काम शुरू करा रखा था। इसी बीच बृहस्पतिवार को सड़क कई फीट हिस्से में नीचे धंस गई और काफी गहरा गड्ढा हो गया। गनीमत रही कि इस गड्ढे की चपेट में आने से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। बताया गया है कि नाला निर्माण के कारण पानी का रिसाव होने के कारण सड़क के नीचे की मिट्टी धंसने के कारण गड्ढा हुआ है। सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट ने बताया कि एडीबी ओर से सड़क बनाई गई थी। फिलहाल नाला निर्माण के दौरान पानी रिसाव होने के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हुई है। सड़क को रिपेयर कराने का काम शुरू करा दिया गया है।