पहली बार जिले के महिला और युवक मंगल दल को सरकार की ओर से 14 हजार रुपये की धनराशि दी जा रही है। इस राशि का इस्तेमाल मंगल दल अपने गांव में युवाओं को सार्वजनिक सुविधाएं देने के लिए कर सकते हैं। इसके तहत खेल के सामान से लेकर युवाओं की जरूरत के हिसाब से कुछ भी काम किया जा सकता है।
गांव-गांव में युवाओं की सार्वजनिक कार्यों में सक्रियता बढ़ाने के लिए और युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए युवक एवं महिला मंगल दल का गठन किया जाता है। एक ग्राम पंचायत में एक युवक और एक महिला मंगल दल होता है। एक दल की कार्यकारिणी में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, सचिव, उपसचिव सहित पांच कार्यकारिणी सदस्य शामिल होते हैं। जबकि अन्य सदस्यों की असीमित संख्या होती है। दल में 15 से 40 साल आयु वर्ग के लोग जुड़ सकते हैं। अभी तक मंगल दल को कोई बजट नहीं मिलता था। पहली बार मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री युवक महिला मंगल दल स्वावलंबन योजना के तहत युवक और महिला मंगल दल के लिए 14-14 हजार रुपये दिए जाने की घोषणा की है। इसके तहत रुड़की ब्लॉक के 49 ग्राम पंचायतों में बने मंगल दल के खाते खोले जा रहे हैं। क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी संदीप खंकरियाल ने बताया कि इस बजट से मंगल दल के पदाधिकारी और सदस्य आपसी सहमति से सार्वजनिक तौर पर कुछ भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसमें गांव के युवाओं के लिए खेल का सामान खरीद सकते हैं। खेलने के लिए मैदान की सफाई करवा सकते हैं, पिच तैयार करवा सकते हैं। फिलहाल मंगल दलों के खाते खोलने की प्रक्रिया चल रही है।