सरे बाजार में जेब काट रही एक बुरकानशीं महिला को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से पुलिस ने ब्लेड, मोबाइल और दस हजार रुपये बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी ने एक महिला के मोबाइल पर हाथ साफ कर दिया था। इसके बाद दूसरी महिला का पर्स काट रही थी तभी महिला ने उसे पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस आरोपी महिला को थान ले गई।
बृहस्पतिवार की शाम करीब छह बजे ललिता पत्नी योगेंद्र निवासी औरंगाबाद बीटीगंज बाजार गईं थी। इसी दौरान रामदयाल चौक पर एक बुरकानशीं महिला ने उनके पर्स पर हाथ साफ कर दिया। इसका पता चलते ही ललिता ने शोर मचाकर महिला को पकड़ लिया। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पूछताछ में आरोपी महिला ने अपना नाम सुरैया बताया। वह मुजफ्फरनगर की रहने वाली है। पुलिस के मुताबिक महिला के कब्जे से चेकिंग के दौरान ब्लेड, मोबाइल और दूसरी महिला के पर्स से उड़ाया गया दस हजार रुपया बरामद हुआ। उसके पास से बरामद मोबाइल भी चोरी का था। जांच पड़ताल में मालूम चला कि वह मोबाइल मधु सैनी पत्नी अश्वनी सैनी निवासी बीटीगंज का है। मधु भी सामान लेने के लिए बीटीगंज आई थी इसी दौरान उनका मोबाइल गायब हो गया था।
धरी गई महिला को पुलिस पहले बीटीगंज चौकी और फिर कोतवाली ले गई जहां उससे पूछताछ की जा रही थी। मालूम हो कि इससे पहले भी 24 जून को भी बीटीगंज बाजार में ही दो महिलाओं को एक दुकान से कपड़ा चोरी करते धरा गया था। दोनों ही महिलाएं मुजफ्फरनगर की रहने वाली थीं। सभी के संभावित कनेक्शन को देखते हुए पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।