जलसंस्थान ने शहर में सर्वे किया तो बड़ी संख्या में अवैध कनेक्शन चलते पाए गए। इन लोगों ने बिना विभाग को बताए पानी की लाइन से कनेक्शन जोड़ लिया था। विभाग ने कार्रवाई करते हुए ऐसे 79 लोगों को नोटिस जारी किया है। नोटिस में जुर्माना लगाने के साथ ही कनेक्शन को वैध करवाने की नसीहत दी गई है।
रुड़की में जलसंस्थान के वर्तमान में 12,680 उपभोक्ता हैं। इनको पानी की आपूर्ति के लिए शहर में विभिन्न जगह टंकियां लगाई गई हैं। विभाग के अनुसार, इन कनेक्शनों के लिए पानी की सप्लाई पर्याप्त है। इसके बावजूद कुछ जगह पानी की सप्लाई पूरी नहीं होने की शिकायतें मिल रही थीं। ऐसे में विभागीय अधिकारियों ने इन क्षेत्रों में सर्वे कराया। सर्वे के दौरान कुछ इलाके ऐसे सामने आए, जहां लोगों ने बड़ी संख्या में अवैध कनेक्शन लिए हुए थे। इन लोगों ने विभाग को सूचना दिए बिना पानी की लाइन से कनेक्शन जुुड़वा रखा था। ऐसे में भुगतान किए बिना मुफ्क का पानी पी रहे थे। सर्वे के पहले चरण में 79 लोग सामने आए, जिनका विभाग में कोई रिकॉर्ड नहीं है।
सहायक अभियंता अरुण कुमार ने बताया कि सभी लोगों को नोटिस जारी कर दिया है। इन लोगों पर जुर्माना लगाने के साथ ही कनेक्शनों को वैध कराने के लिए नसीहत दी गई है। यदि ये लोग कनेक्शन वैध नहीं करवाते या जुर्माना जमा नहीं करते हैं तो इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इन लोगों से राजस्व वसूली के लिए प्रशासन और पुलिस को भी पत्र लिखा गया है। पुलिस और प्रशासन ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है। पहली बार ऐसे लोगों को उनके घर जाकर पैसे जमा करने के लिए समझाया जा रहा है।
28 लोग पहुंचे कनेक्शन वैध कराने
विभाग के अनुसार, अवैध कनेक्शन को वैध करवाने के लिए लोग कार्यालय पहुंचने लगे हैं। अभी तक 28 लोग जुुर्माना और कनेक्शन का पैसा जमा करवाकर कनेक्शन वैध करवा चुके हैं। सहायक अभियंता अरुण कुमार ने बताया कि अभी तक अवैध कनेक्शन के लिए लोगों पर एक हजार रुपये जुर्माना लगाया जा रहा है। साथ ही 4090 रुपये कनेक्शन फीस ली जा रही है। 600 रुपये वाटर चार्ज लिया जा रहा है।