बुग्गावाला में खनन को लेकर क्रशर मालिक व ग्रामीणों के बीच हुई नोकझोंक के बाद मौके पर जमा भीड़।
- फोटो : ROORKEE
मोहंड रो नदी में खनन करने को लेकर क्रशर मालिक और उसके भाई के साथ स्थानीय ने गाली गलौच और मारपीट कर दी। मारपीट में क्रशर मालिक और उसका भाई चोटिल हो गया। क्रशर मालिक ने बुग्गावाला पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। बताया जा रहा है क्रशर मालिक यूपी के लोगों को रोजगार दे रहा था, इस वजह से उसके साथ मारपीट की गई है।
मंगलवार तड़के बंजारेवाला की मोहंड रो नदी में चल रहे खनन के पट्टे पर यूपी के ट्रैक्टर ट्रॉलियों से खनन कराने को लेकर क्रशर मालिक और उसके भाई से ग्रामीणों और मजदूरों ने गाली गलौच और मारपीट कर दी। क्रशर मालिक के भाई संतरपाल निवासी देवबंद सहारनपुर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि कुछ लोग जबरदस्ती उनके क्रशर पर ट्रैक्टर चलाने की कोशिश कर रहे थे। मना करने पर वे लोग मारपीट पर उतारू हो गए। मारपीट के दौरान वे और उनका भाई घायल हो गया। वहीं बुग्गावाला थानाध्यक्ष दीप कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।