चुनाव में नकदी और शराब को पकड़ने के लिए लगाई गई वीडियो सर्विलांस टीम खुद ही नशे में धुत मिली। टीम ने पुलिस को एक कार में शराब पकड़े जाने की सूचना दी तो मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों कर्मचारियों का मेडिकल कराकर रिपोर्ट तैयार कर अधिकारियों को भेज दी है। वहीं, मामले में अधिकारी भी कार्रवाई करने की तैयारी कर रहे हैं।
विधानसभा चुनाव में पुलिस के साथ-साथ कई विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। इन टीमों में फ्लाइंग स्क्वायड टीम, वीडियो सर्विलांस टीम, स्टेटिक टीम समेत अन्य टीमें हैं जो लगातार वाहनों की चेकिंग कर रही हैं। चेकिंग के दौरान वीडियो सर्विलांस टीम का काम मौके की पूरी वीडियोग्राफी करना है। बताया जा रहा है कि मंगलवार को बीएसएम तिराहे पर वीडियो सर्विलांस टीम ने एक कार को रोका था और गंगनहर कोतवाली पुलिस को कार में शराब होने की सूचना दी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जानकारी ली तो मामला उलटा निकला। कार में शराब न मिलने की बजाय टीम में शामिल दो कर्मचारी लड़खड़ाते हुए खुद ही नशे में धुत मिले। उनकी पुलिस से नोकझोंक भी हो गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों का रुड़की सिविल अस्पताल में मेडिकल कराया। दोनों के शराब पीने की पुष्टि हुई। कोतवाली प्रभारी ऐश्वर्य पाल ने बताया कि दोनों की रिपोर्ट तैयार कर अधिकारियों को भेज दी गई है।