नगर निगम के वार्ड-22 स्थित जल संस्थान की पानी की टंकी पर चढ़कर पतंग उड़ाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूचना पर जल संस्थान कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर युवकों को टंकी से नीचे उतारा। समाजसेवी अभिमन्यु ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में जल संस्थान के अधिकारियों से शिकायत की थी।
शिकायत मिलते ही अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को पानी की टंकी से नीचे उतारा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना बेहद गंभीर है। आबादी वाले क्षेत्र में स्थित पानी की टंकी पर इस तरह चढ़ना सार्वजनिक सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा हो सकता है।
लोगों का कहना है कि यदि कोई असामाजिक तत्व पानी की टंकी में जहरीला पदार्थ डाल दे तो इससे भी बड़ी दुर्घटना घट सकती है और कई लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती है। क्षेत्रवासियों ने जल संस्थान से मांग की कि पानी की टंकियों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए।