कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एक होटल में निर्माण कार्य के दौरान गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर एक नामजद समेत पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
मेरठ के गंगाधाम कॉलोनी निवासी पंकज विश्नोई ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह नारसन खुर्द स्थित अपने होटल अतिथि में साफ-सफाई और बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य करा रहे थे। आरोप है कि 8 जनवरी को दोपहर करीब 12:30 बजे शिवम मिश्रा, उसका छोटा भाई और दो-तीन अज्ञात लोग वहां पहुंचे।
इन लोगों ने पंकज विश्नोई और वहां काम कर रहे मजदूरों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर मारपीट की। तहरीर के अनुसार, इस हमले में मिस्त्री सोनू को गंभीर चोटें आई हैं। घटना की तुरंत सूचना 112 नंबर पर दी गई थी। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने काम जारी रखने पर जान से मारने की धमकी भी दी है।
पंकज विश्नोई ने बताया कि आरोपियों के पिता राजकुमार मिश्रा ने शुरुआत में बैठकर बात सुलझाने का आश्वासन दिया था जिससे वे उनकी बातों में आ गए लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। पीड़ित का कहना है कि आरोपी पक्ष अब भी उन्हें लगातार परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़ित ने कोतवाली प्रभारी को तहरीर सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि एक नामजद समेत पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।