पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो युवकों को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। साथ ही पुलिस दोनों संपर्क में रहने वालों को चिह्नित कर रही है।
विधानसभा चुनाव को लेकर क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान गहनता से चल रहा है। मंगलवार शाम एसआई लक्ष्मी प्रसाद बिज्लवान, सिपाही सुरेंद्र शर्मा और शहजाद क्षेत्र में वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि लालपुर कलां में बाइक सवार दो युवक स्मैक बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस लालपुर कलां पहुंची। पुलिस को देखकर युवक बाइक लेकर फरार होने लगे। पुलिस ने पीछा कर घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। पुलिस ने दोनों की तलाशी ली तो 14.75 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस दोनों को पकड़कर कोतवाली ले आई। कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि मोहम्मद उस्मान से 8.25 ग्राम और मोहम्मद उस्मान निवासी रायपुर लक्सर के पास से 6.50 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। स्मैक की कीमत करीब 70 हजार रुपये है। उन्होंने बताया कि युवकों से बरामद बाइक को भी सीज कर दिया गया है। दोनों के संपर्क में रहने वालों की भी तलाश की जा रही है।