थाना क्षेत्र के इमलीखेड़ा में मामूली कहासुनी को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद एक पक्ष के युवक के पिता ने कथित तौर पर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
रविवार देर शाम इमलीखेड़ा के सैनी चौक पर किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट में दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रविंद्र कुमार और इमलीखेड़ा चौकी प्रभारी शहजाद अली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को काबू में किया। आसपास के लोगों ने भी बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत कराया। घायलों को पुलिस की ओर से मेडिकल के लिए भेज दिया गया था। इमलीखेड़ा चौकी प्रभारी शहजाद अली ने बताया कि जहर खाने की सूचना पुलिस को नहीं मिली है। साथ ही अब तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नही दी गई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।