बच्चों के बीच हुए झगड़े की शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचे दोनों पक्षों के लोग पुलिस के सामने ही भिड़ गए और धक्कामुक्की हो गई। इससे कोतवाली परिसर में हंगामा हो गया। पुलिस ने दोनों पक्षों में बीचबचाव कराने को लेकर लाठियां फटकारीं और चार लोगों को हिरासत में लेकर शांतिभंग में चालान कर दिया।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में खेलकूद के दौरान दो बच्चों के बीच कहासुनी हो गई थी। एक बच्चे ने घर पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी। बच्चे के परिजन शिकायत लेकर दूसरे बच्चे के घर पहुंचे। यहां दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई और मामला इतना बढ़ा कि मारपीट हो गई। दोनों पक्ष शिकायत लेकर गंगनहर कोतवाली पहुंचे। यहां दोनों ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए और आपस में भिड़ गए। पुलिस के सामने ही दोनों पक्षों के बीच धक्कामुक्की और हंगामा हो गया।
दोनों पक्षों को भिड़ता देख पुलिस ने बीचबचाव कराने का प्रयास किया। इस बीच दोनों पक्षों के लोगों पुलिस से ही भिड़ गए और नोकझोंक हो गई। इस पर पुलिस ने लाठियां फटकारते हुए चार लोगों को हिरासत में लेकर हवालात में बंद कर दिया। कोतवाली प्रभारी ऐश्वर्य पाल ने बताया कि दोनों पक्षों के चार लोगों का शांतिभंग में चालान कर दिया है।
...तो यहां पुलिस से अभद्रता और धमकी देने की खुली छूट
कोतवाली में दो दिन में धमकी और अभद्रता करने के हो चुके हैं दो मामले
छोटे मामलों में बड़ी कार्रवाई और इन मामलों में बैकफुट पर रही है पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
रुड़की। शहर की दोनों कोतवालियों में पुलिस से अभद्रता करने और धमकी देने की खुली छूट है। दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तारी की मांग को लेकर सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस को ‘लठ’ तैयार करने की धमकी देना और गंगनहर कोतवाली में बच्चों के विवाद को लेकर पुलिस से भिड़ना इसकी तस्दीक कर रहा है। इतना ही नहीं, पुलिस छोटे-मोटे मामलों में बड़ी कार्रवाई कर देती है, लेकिन खुद के साथ इतनी बड़ी घटना होने पर भी बैकफुट पर नजर आई। कार्रवाई के नाम पर मात्र शांतिभंग और जुर्माने की कार्रवाई की गई।
जनता के बीच पुलिस की छवि पीड़ित के साथ इंसाफ करने और अपराधी को डराने वाली होती है। कई बार पुलिस को इंसाफ दिलाने के लिए दबंग भी बनना पड़ता है, लेकिन रुड़की पुलिस की वर्तमान स्थिति इससे उलट नजर आ रही है। यहां पीड़ित पुलिस है और दबंग बाहरी लोग हैं। पीड़ित होने के बाद भी पुलिस खुद के साथ इंसाफ नहीं कर पाई और बाहरी लोग हावी रहे। पहला मामला है सिविल लाइंस कोतवाली का। शनिवार रात दुष्कर्म के आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कई लोग कोतवाली पहुंचे थे। यहां उनकी पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। बात यहीं तक नहीं रुकी, भीड़ में शामिल एक व्यक्ति ने पुलिस को कार में ‘लठ’ होने की धमकी देने के साथ ही अभद्रता कर दी।
पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर हवालात में बंद कर दिया। जब बात कार्रवाई की आई तो पुलिस बैकफुट पर नजर आई। मात्र पुलिस एक्ट में चालान किया। इसी तरह का दूसरा मामला गंगनहर कोतवाली का है। यहां बच्चों के बीच मारपीट के मामले में दो पक्ष कोतवाली पहुंचे थे। दोनों पक्ष कोतवाली में पुलिस के सामने भिड़ गए। बीचबचाव करने पर वह पुलिस से भिड़ गए और नोकझोंक हो गई। यहां भी पुलिस बैकफुट पर नजर आई और कार्रवाई मात्र शांतिभंग तक सिमटकर रह गई। ऐसे में ये दो मामले में शहर में पुलिस की फजीहत करा रहे हैं।