दोनों के पास से चोरी का रिक्शा भी बरामद, तीनों को भेजा जेल
पुलिस ने चोरी की 10 बाइकों के साथ दो अंतरराज्जीय बाइक चोरों को गिरफ्तार किया है। साथ ही दोनों से चोरी किया गया ई-रिक्शा भी बरामद किया गया है। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। साथ ही दोनों का आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है।
शनिवार को सिविल लाइंस कोतवाली में एसपी देहात एसके सिंह ने प्रेसवार्ता कर बताया कि पिछले कई दिनाें से रुड़की में बाइक चोरी की लगातार घटनाएं हो रही थीं। घटनाओं पर अंकुश लगाने और बाइक चोरी का खुलासा करने के लिए एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने टीम का गठन किया था। शुक्रवार को पुलिस गंगनहर पटरी पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए।
पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो वह भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने दोनों की घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। साथ ही दोनों से पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्होंने रुड़की, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर से कई बाइक चोरी की हैं। जिस बाइक से वह जा रहे थे, वह भी चोरी की है। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर चोरी की 10 बाइकें और एक ई-रिक्शा बरामद किया है। एसपी देहात ने बताया कि बाइक चोरी में आरिफ निवासी रहमतपुर खलापार, मुजफ्फरनगर व हाल रामपुर चुंगी, रुड़की और अमजद निवासी हाजीपुरा का चौपला, मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया है। दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। दोनों पर पूर्व में भी चोरी के चार केस दर्ज हैं।
नशे की लत पूरा करने के लिए करते हैं चोरी
एसपी देहात एसके सिंह ने बताया कि दोनों युवक नशा करते हैं। नशे की लत पूरा करने के लिए ही बाइक चोरी करते हैं। एसपी देहात ने बताया कि दोनों बाइक चोरी करने में माहिर हैं। वह एक ही चाभी से लॉक खोलकर बाइक चोरी करते थे। साथ ही बाइकों के पुर्जे अलग-अलग कर बेच देते थे।