पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से दो स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया है। साथ ही केस दर्ज कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। वहीं, पुलिस दोनों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है।
जिलेभर में पुलिस की ओर से लगातार मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए नशा तस्करों पर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में लक्सर कोतवाली पुलिस बृहस्पतिवार रात सुल्तानपुर क्षेत्र में गश्त कर रही थी। जैसे ही पुलिस फूलगढ़ मार्ग पर पहुंची तो एक संदिग्ध युवक खड़ा दिखाई दिया। साथ ही वह पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने पीछा करके उसे पकड़ लिया और उसकी तलाशी ली। तलाशी में उसके पास से 4.56 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
वहीं, पुलिस रायसी चौकी क्षेत्र के दरगाहपुर गांव के पास में गश्त कर रही थी। इस दौरान एक व्यक्ति संदिग्ध घूमता दिखाई दिया। पुलिस ने रोककर उसकी तलाशी ली तो 3.18 ग्राम स्मैक और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद हुआ। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि अरशद उर्फ चुंडी निवासी मोहम्मदपुर कुन्हारी और गुलशेर निवासी जौरासी जबरदस्तपुर, रुड़की के खिलाफ केस दर्ज कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।