इमलीखेड़ा चौकी क्षेत्र स्थित एक ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले दो मुंशियों को डाक के माध्यम से जान से मारने की धमकी भरा पत्र मिला है। धमकी भरे पत्र मिलने के बाद पीड़ितों में दहशत है। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पिरान कलियर क्षेत्र के बेडपुर चौक के पास स्थित ईंट-भट्ठे पर कार्यरत मुंशी रविंद्र और अनिल कुमार को डाक के जरिये अलग-अलग पत्र प्राप्त हुए। पत्रों में उन्हें तत्काल भट्ठे का काम छोड़ने की चेतावनी दी गई है। पत्र में काम न छोड़ने की स्थिति में गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है। इससे पीड़ित और उनके परिजन भयभीत हैं।
धमकी भरे पत्र मिलने के बाद दोनों मुंशियों ने मामले को गंभीर बताते हुए पुलिस से सुरक्षा और दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस घटना के बाद से परिवार के लोग भी सहमे हुए हैं। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ितों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पत्र भेजने वालों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।