सुल्तानपुर। घर में सो रहे ट्रक ड्राइवर पर बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला बोल दिया। घबराकर ट्रक ड्राइवर जान बचाने के लिए छत की ओर भागा, लेकिन बदमाश वहां भी पहुंच गए तो वह शोर मचाते हुए पड़ोसी की छत पर कूद गया। आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े तो बदमाश फरार हो गए। तब तक खून से लथपथ ट्रक ड्राइवर दम तोड़ चुका था। सूचना मिलते ही अधिकारियों समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौकेे पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, पुलिस ने पूरा घर खंगाला। साथ ही आसपास के लोगों और परिजनों से जानकारी जुटा रही है। पुलिस पुरानी रंजिश समेत तमाम बिंदुओं पर जांच कर रही है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र स्थित झीवरहेड़ी गांव निवासी प्रदीप उर्फ भूरा (40) पुत्र ईसम सिंह ट्रक चलाता था। पुलिस के अनुसार, प्रदीप कुछ दिन पहले लक्सर से सीमेंट लेकर बाहर गया था और बृहस्पतिवार देर शाम घर लौटा था। उसकी पत्नी अपने तीनों बच्चों के साथ पथरी क्षेत्र स्थित मायके गई थी। रात में प्रदीप घर के अंदर सो रहा था। देर रात करीब तीन बजे नकाबपोश बदमाश छत के रास्ते घर में घुस आए और प्रदीप पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया। प्रदीप किसी तरह उनसे बचकर घर की छत पर आ गया। बदमाश भी उसके पीछे छत पर आ गए। जान बचाने के लिए प्रदीप लहूलुहान हालत में शोर मचाते हुए पड़ोसी मांगेराम की छत पर जा कूूदा। शोर होने पर छत पर सो रहे मांगेराम के बेटे सचिन की आंख खुल गई। उसने प्रदीप को खून से लथपथ देख तो शोर मचा दिया।
शोर सुनकर आसपास के पड़ोसी भी जागे तो बदमाश फरार हो गए। ग्रामीण छत पर पहुंचे तो प्रदीप को खून से लथपथ पड़ा देख उनके होश उड़ गए। तब तक प्रदीप की मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों की सूचना पर सीओ राजन सिंह, कोतवाली प्रभारी हेमेंद्र सिंह नेगी और चौकी प्रभारी लोकपाल परमार समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने ग्रामीणों से जानकारी ली और पूरे घर की तलाश ली, लेकिन कोई नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। साथ ही घटना की सूचना मृतक की पत्नी को दी। एसपी देहात एसके सिंह ने बताया कि हत्या के कारणों का पता नहीं चला है। पुरानी रंजिश से लेकर तमाम बिंदुओं पर जांच की जा रही है। मृतक की पत्नी और ग्रामीणों से भी जानकारी ली जा रही है।
--
10 वार और 14 घाव, छत पर खून ही खून
लक्सर। हत्या के पीछे बदमाशों की क्या मंशा थी, यह भले ही अभी तक राज है, लेकिन बदमाशों ने ट्रक ड्राइवर की हत्या करने में सारी हदें पार कर दी। मृतक के शरीर पर किसी धारदार हथियार से करीब दस वार किए हैं जबकि करीब शरीर पर 14 घाव मिले हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि बदमाशों ने ट्रक चालक की कितनी बेरहमी से हत्या की।
झीवरहेड़ी गांव में ट्रक ड्राइवर की हत्या से ग्रामीणों में दहशत है। घटनास्थल का मंजर देख ग्रामीणों का कलेजा मुंह को आ गया। पुलिस और ग्रामीणों के दिमाग में सिर्फ एक ही सवाल चल रहा है कि आखिरकार बदमाशों ने इतनी बेरहमी से क्यों हत्या की है। वहीं, पुलिस ने जब शव का पंचनामा भरा तो एक बारगी वह भी हैरत में पड़ गई। वजह, मुंह, गर्दन, सिर, नाक, कान और हाथ पर करीब दस वार किए गए हैं और करीब 14 जख्म हैं। सीओ राजन सिंह ने बताया कि शरीर पर कई वार और घाव मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह घाव बढ़ भी सकते हैं।
--
डॉग स्क्वॉयड टीम ने की जांच
हत्याकांड की जांच के लिए हरिद्वार से डॉग स्क्वॉयड की टीम भी मौके पर पहुंची और छत समेत पूरे घर की जांच की, लेकिन कुछ नहीं मिल पाया। इस बीच सीआईयू की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। साथ ही ग्रामीणों से मृतक के संपर्क में आने वाले लोगों के बारे में जानकारी ली। हत्याकांड के खुलासे के लिए दो टीमें गठित की गई हैं।
--
ससुराल की ओर उठ रही शक की सुई
पथरी। प्रदीप सैनी हत्याकांड के तार पथरी क्षेत्र से भी जुड़ रहे हैं। सुल्तानपुर चौकी प्रभारी लोकपाल सिंह परमार का कहना है कि प्रदीप सैनी की ससुराल पथरी थाना क्षेत्र के गांव बादशाहपुर में है। हत्याकांड में शक की सुई पथरी क्षेत्र में रहने वाले कुछ लोगों पर घूम रही है। जो लोग शक के दायरे में आए है, वे अपने घरों से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।