दो दिन पूर्व हुई लूट के मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए बदमाशों के पास से लूटा गया एक मोबाइल, 1500 रुपये नकद व वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। पकड़े गए बदमाशों का पुलिस ने चालान कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
सोमवार की देर शाम मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के हरजौली जट्ट गांव निवासी आयुष शर्मा रुड़की से बाइक पर सवार होकर अपने घर जा रहा था। बताया गया है कि जैसे ही वह मोहम्मदपुर जट्ट नहर पटरी के पास पहुंचा तो दो बाइकों पर सवार पांच बदमाशों ने उसे रोक लिया। बदमाशों ने मारपीट करते हुए उससे लैपटॉप, दो मोबाइल, पर्स एवं अन्य सामान लूट लिया। सूचना पर नारसन चौकी पुलिस मौके पर पहुंची थी घटना की जानकारी ली थी।
कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि घटना वाले दिन ही काॅम्बिंग के दौरान पुलिस ने सकौती गांव के पास से बाइक सवार दो बदमाशों को पकड़कर उनके पास से लैपटॉप व घटना में प्रयुक्त एक बाइक बरामद कर ली थी। दोनों को पहले ही जेल भेज दिया था। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी। मंगलवार देर शाम नारसन पुलिस चौकी प्रभारी हेमदत्त भारद्वाज अपने हमराहों के साथ बूड़पुर जट्ट तिराहे पर चेकिंग कर रहे थे तभी उन्हें एक बाइक पर तीन युवक आते दिखाई दिए। जिन्हें रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगे लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछाकर उन्हें दबोच लिया। उनके पास से लूटा हुआ मोबाइल, 1500 रुपये व घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई। पूछताछ के दौरान उन्होंने सोमवार देर शाम हुई लूट की वारदात में शामिल होना कबूल किया है। पकड़े गए बदमाशों ने अपने नाम सागर, शुभम व सावन निवासीगण मोहम्मदपुर जट्ट थाना मंगलौर बताए।