रुड़की सिविल लाइंस कोतवाली में पकड़े गए लूट के आरोपी।
- फोटो : ROORKEE
जेवर खरीदने के बहाने बुलाकर दो दोस्तों से लाखों के जेवर लूटने के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर ही खुलासा कर दिया। पुलिस ने लूटपाट में शामिल तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर जेवर, घटना में प्रयुक्त बाइक और एक चाकू बरामद किया है। पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
मुजफ्फरनगर के थाना पुरकाजी के गांव खेड़ी निवासी अक्षय कुमार ने पुलिस को बताया था कि उनके दोस्त मुंतजीर ने घर के कुछ जेवर बेचने के लिए दिए थे। बताया था कि उसकी तीन लोगों से बात हुई है और वे रुड़की में मिलेंगे। शुक्रवार रात गांव के ही अपने दोस्त अंकित के साथ बाइक से वह जेवर बेचने रुड़की आए थे। रुड़की में गंगनहर की पटरी पर बाइक सवार तीन युवक मिले और जेवर खरीदने की बात कही। इस बीच तीनों ने मारपीट कर जेवर से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए। दोनों ने घटना की सूचना सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी ली।
पुलिस ने रात में ही बदमाशों की तलाश की। इस बीच पुलिस ने मुस्कान पैलेस रामपुर रोड पर एक बाइक पर सवार तीन युवकों को पकड़कर तलाशी ली। उनके पास से लूटा गया बैग बरामद हुआ। पुलिस तीनों को पकड़कर कोतवाली ले आई। पूछताछ में तीनों ने लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि लूट में शामिल अंकुर, मोनू और गौरव निवासी सालियर को गिरफ्तार किया है। मोनू के पास से चाकू भी बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि बदमाशों से गले का हार, कान के झुमके, कान की बाली, अंगूठी बरामद की गई है। तीनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। पुलिस टीम में चौकी प्रभारी सोत बी एसआई संजय नेगी, सिपाही रामवीर, विपिन, लईक अहमद और विकास त्यागी शामिल रहे।